बेताल The Silent Killer पहला भाग
भौमिक आज जब ऑफिस पहुंचा तब ही से उसका मन कुछ ठीक नहीं था। वह खुद में एक बैचेनी सी महसूस कर रहा था। ऑफिस में आने उसे अभी केवल दो ही घंटे हुए थे, पर वह अब तक चार बार कॉफी पी चुका था। आमतौर पर वह इतनी कॉफी नहीं पीता है, पर उसे महसूस होने वाली बैचेनी को कम करने के लिए वह ऐसा कर चुका था। उसे लब रहा था कि आज कुछ ऐसा होने वाला है जो ठीक नहीं है। तभी परमार उसके केबिन में आता है। वह भौमिक को सेल्यूट करता है। भौमिक भी सिर्फ सिर हिलाकर उसका अभिवादन करता है।
भौमिक- हां, परमार बताओ क्या खबर लाए हो ?
परमार- सर आपको कैसे पता चला कि मैं कोई खबर लाया हूं?
भौमिक- तुम पहले खबर बताओ क्या हुआ है?
परमार- सर, सूचना आई है कि अभिरंग कॉलोनी में एक घर में हत्या हो गई है।
भौमिक- मुझे लग ही रहा था कि आज कुछ होने वाला है। तुम वहां जाकर देखो क्या मामला है जरूरत पड़े तो मुझे कॉल कर देना।
परमार- जी सर। परमार फिर से सेल्यूट कर वहां से चला जाता है।
इस बीच भौमिक एक बार फिर कॉफी मंगाता है और अपनी चेयर पर बैठकर पीने लगता है। करीब 30 मिनट ही बीते होंगे कि भौमिक के मोबाइल की रिंग बजती है। परमार का कॉल होता है और भौमिक फोन उठाकर बात करता है।
भौमिक- हां, परमार बताओ क्या सीन है वहां ?
परमार- सर, मुझे लगता है कि आपको यहां आ जाना चाहिए।
भौमिक- क्यों ऐसा क्या हो गया है, जो तुम नहीं संभाल सकते?
परमार- सर जो मैं देख रहा हूं वह आपको भी देखना चाहिए।
भौमिक- ठीक है आता हूं, तुम मुझे वहां पता सेंड कर दो।
परमार- जी, सर अभी करता हूं।
परमार भौमिक को घटना स्थल का पता सेंड करता है और भौमिक अपनी जीप में वहां के लिए रवाना हो जाता है। कुछ ही देर में वह घटना स्थल पर पहुंच जाता है। उसके जीप रोकते ही परमार दौड़कर उसके पास आ जाता है।
भौमिक- तो परमार ऐसा क्या हो गया, जो तुमने मुझे यहां बुला लिया ?
परमार- आप खुद ही देख लिजिए सर। फिलहाल मैं कुछ कह नहीं सकता।
परमार के इतना कहने के बाद दोनों आगे बढ़ जाते हैं। अभिरंग कॉलोनी में यह एक घर था, जिसमें तीन बेडरूम, एक बड़ा सा हॉल नीचे की ओर बने थे। इतना ही दूसरी मंजिल पर भी बना था। देखने में यह किसी बड़े व्यक्ति का बंगला सा नजर आ रहा था। घर के पीछे की ओर एक गार्डन भी था, वह भी खासा बड़ा था। गार्डन में कई पेड़ भी लगे थे, साथ ही फूलों के कई पौधे लगे थे, जो कि गार्डन को और भी खूबसूरत बना रहे थे। गार्डन के बीचो बीच एक झूला भी था। घर को देखकर लग रहा था कि यहां कोई कभी कभी ही आता था। हालांकि यह सभी सुख सुविधाएं मौजूद थी। परमार और भौमिक जैसे ही घर में प्रवेश करते हैं, एक मिनट के लिए भौमिक रूक जाता है, क्योंकि घर के फर्श पर चारों ओर खून ही खून फैला पड़ा था। घर का काफी सारा सामान बिखरा पड़ा था। भौमिक को यह सब देखकर समझ आ गया था कि हत्या के पहले यहां काफी जद्दोजहद हुई है। मरने वाले ने खुद को बचाने का काफी प्रयास किया है। हालांकि उसके मन मे एक विचार यह भी आ रहा था कि हो सकता है कि यहां चोरी के इरादे से कोई आया हो, किसी के अचानक आ जाने पर हत्या हुई हो? हालांकि ये सब अभी उसके कयास ही थे, जांच के बाद ही पूरी बात सामने आना थी। इसके बाद परमार और भौमिक अन्य कमरों में भी जाते हैं, वहां भी लगभग यही हाल था।
भौमिक- ये सब दिखाने के लिए तुमने मुझे यहां बुलाया था परमार? यह सब तो तुम मुझे ऐसे भी बता सकते थे?
परमार- सर जो दिखाने के लिए मैंने आपको यहां बुलाया है वह घर में नहीं घर के बाहर बने गार्डन में हैं। आइए वहां चलते हैं।
इसके बाद दोनों घर के पीछे की ओर बने गार्डन की ओर जाते हैं। गार्डन में जाते ही भौमिक की आंखे खुली की खुली रह जाती है। गार्डन का सीन देखने के बाद उसे समझ नहीं आ रहा था कि वह किस तरह से रिएक्ट करे। गार्डन में जो वह देख रहा था, शायद उसने आज तक नहीं देखा था और वह मन ही मन सोच रहा था कि ऐसा वह दोबारा न देखे तो अच्छा होगा। गार्डन में यूं तो कई पेड़ थे। एक पेड़ पर एक 22 से 25 साल की लड़की की लाश को उलटा कर टांगा गया था। उसके गले को रेता गया था, मरने से पहले वह काफी तड़पी भी होगी, यह लाश को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था। उसके दोनों पैर पेड़ की एक टहनी पर थे और बाकि पूरा शरीर हवा में लटक रहा था। लाश गिरे नहीं इसके लिए कातिल ने उसके पैरों को रस्सी से बांध दिया था। लड़की के शरीर पर कई घाव भी थे, जिन्हें देखकर लग रहा था कि उसे मारने से पहले काफी पीटा गया होगा।
भौमिक- ओह माय गॉड, ये कातिल है या कोई जल्लाद है? लाश के साथ कोई ऐसा सलूक करता है क्या?
परमार- यही तो आपको दिखाना चाह रहा था सर। इस कारण मैंने आपको कॉल किया और आपके आने तक यहां किसी को कुछ भी छुने नहीं दिया है।
भौमिक- परमार, सब देखने के बाद मुझे दो बातों की संभावना नजर आ रही है। कातिल या तो इस लड़की से हद से ज्यादा नफरत करता था या फिर कातिल पागल है।
परमार- जी, सर। पह अब क्या करना है?
भौमिक- करना क्या है परमार वहीं करो जो हमेशा करते हो। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजो। फॉरेंसिक टीम को बुलाओ, हर सबूत उठाओ। देखों सबूत के तौर पर कुछ मिलता है क्या? ये लड़की कौन है? यहां क्या कर रही थी? ये यहां अकेली थी या इसके साथ कोई और भी था? अगर था तो वा ेअब कहां है? कुछ भी छूटना नहीं चाहिए।
परमार- जी, सर ये सब तो मैंने पहले ही कर दिया है। बस आपने यह सीने देख लिया है तो लाश को भी पोस्टमार्टम के लिए भिजवा देता हूं। फॉरेंसिक टीम भी आकर अपने काम में लग गई है। फोटोग्राफर से हर कोने का फोटो लेने के लिए कह दिया है। लड़की की पहचान के लिए कुछ लोगों को भेज दिया है। सीसीटीवी कैमरे भी तलाश कर रहे हैं।
भौमिक- ओके वैरी गुड परमार।
इसके बाद भौमिक अपने ऑफिस के लिए रवाना हो जाता है। जैसा कि उसकी आदत है कि केस सामने आने के बाद वह उस केस के बारे में सोचने लगता है। ऑफिस आने के बाद वह हमेशा की तरह इस केस के बारे में भी सोचने लग गया था। उसके दिमाग में गार्डन का चित्र बार बार आ रहा था। वह सोच रहा था कि आखिर एक लड़की से किसी ऐसी क्या दुश्मनी हो सकती है कि उसे इतनी बुरी तरह से टार्चर करने के बाद मारा जाए और फिर उसे पेड़ पर उल्टा लटका दिया जाए। वह हर ऐंगल से केस के बारे में सोच रहा था। करीब 3 घंटे के बाद परमार उसके केबिन में आ जाता है।
परमार- सर सारी कार्रवाई कर दी है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट कल शाम तक मिल जाएगी। वही फॉरेंसिक की टीम भी अपनी रिपोट्र करीब 4 दिन में हमें दे देगी।
भौमिक- सोचते हुए हम्म।
परमार- आपको क्या लगता है सर ये हत्या किसी नफरत का नतीजा है?
भौमिक- वहीं सोच रहा हूं परमार। पर क्या कोई किसी से इतनी नफरत कर सकता है। वैसे मुझे इस केस में कुछ ओर ही एंगल नजर आ रहा है। ये नफरत नहीं कुछ और ही है।
परमार- मतलब सर?
भौमिक- बस ये मतलब ही तो समझ नहीं आ रहा है परमार।
दोनों इसी तरह केस के बारे में बात करते रहते हैं। हालांकि उनकी जांच फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक की रिपोर्ट पर टिकी थी, इस कारण दोनों ऑफिस में ही केस को लेकर बात कर रहे थे। तभी एक सिपाही भौमिक के केबिन में आता है और उसके टेबल पर एक लिफाफा रखकर चला जाता है। लिफाफे में उस घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की एक सीडी थी। भौमिक इशारे में परमार को वह सीडी प्ले करने के लिए कहता है। परमार भी लिफाफे से सीडी निकालकर लैपटॉप में प्ले करता है।









👌👌👌👌
ReplyDeleteNice👌👌
ReplyDeleteWell done
ReplyDeleteSuspence Barkraar
ReplyDelete👍👍👍👍 great beginning
ReplyDelete